शीत लहर को लेकर सीएम योगी सख्त, अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण के निर्देश

खबर शेयर करें -

लखनऊ : प्रदेश में बढ़ती शीत लहर और गिरते तापमान को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण करें और यह सुनिश्चित करें कि ठंड से बचाव के सभी इंतजाम समय पर और प्रभावी ढंग से किए जाएं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनपदों में कंबल वितरण और अलाव की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए। खासतौर पर फुटपाथों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर रहने वाले निराश्रित, गरीब और जरूरतमंद लोगों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि कहीं भी कोई व्यक्ति खुले में सोता हुआ न मिले, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निकाय, ग्राम पंचायतें, समाज कल्याण विभाग और स्वयंसेवी संगठनों के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्यों को तेज किया जाए। रैन बसेरों की व्यवस्था को दुरुस्त रखने, वहां पर्याप्त कंबल, हीटर, पेयजल और स्वच्छता की सुविधा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शीत लहर के दौरान बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सुरक्षा की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि राहत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी जाए। उन्होंने कहा कि ठंड के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार की ओर से शीत लहर से प्रभावित लोगों को हर संभव राहत पहुंचाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। प्रशासनिक अमला फील्ड में उतरकर हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि ठंड के इस प्रकोप में कोई भी जरूरतमंद सहायता से वंचित न रहे।

Ad