कुम्भ मेला-2027 के लिए हरिद्वार में ₹50.27 करोड़ का कमांड कंट्रोल सेंटर स्वीकृत
देहरादून/हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के साथ-साथ प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इस क्रम में हरिद्वार में प्रस्तावित कमान्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर-2 भवन के निर्माण हेतु ₹50.27 करोड़ की लागत को मंजूरी दी गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में इसके लिए प्रथम किश्त के रूप में ₹20.11 करोड़ जारी करने का अनुमोदन भी दिया गया है, जिससे कुम्भ मेला की व्यवस्थाओं को आधुनिक और सुदृढ़ बनाया जा सके।मुख्यमंत्री ने जनपद उधम सिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में कम्यूनिटी हॉल निर्माण के लिए ₹5 करोड़ की स्वीकृति दी है। इस परियोजना के लिए प्रथम चरण में ₹50 लाख जारी किए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
पिथौरागढ़ जनपद में भी विभिन्न विकास कार्यों को हरी झंडी दी गई है। ग्राम चुल्कोट, हरदौल मंदिर, महाकाली मंदिर माणीटुण्डी, देवी मंदिर मदकोट और रामलीला मंच मवानी के सौन्दर्यकरण एवं मेला स्थल निर्माण हेतु ₹98.64 लाख स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें प्रथम चरण में ₹59 लाख जारी होंगे। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत दाखिम, क्वीटी, समकोट में आंतरिक सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹1 करोड़ (प्रथम किश्त ₹59 लाख), क्वीरिजिमिया से साईपोला एवं बुई पातों तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए ₹79.64 लाख (प्रथम किश्त ₹47.86 लाख) तथा छिपला केदार ट्रैक रूट एवं ब्रह्मदेव मंदिर सौन्दर्यीकरण सहित सीसी मार्ग निर्माण हेतु ₹1 करोड़ (प्रथम किश्त ₹60 लाख) स्वीकृत किए गए हैं।
आपदा न्यूनीकरण के तहत चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के दाएं तट पर बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए ₹11.59 करोड़ की परियोजना के सापेक्ष प्रथम किश्त में ₹4.64 करोड़ जारी करने को मंजूरी दी गई है। साथ ही रुद्रपुर नगर निगम के मुख्य कार्यालय भवन के पुनर्निर्माण के लिए ₹15.74 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।देहरादून में शहरी विकास को बढ़ावा देते हुए डांडा लखौण्ड-सहस्त्रधारा रोड पर शहरी विकास निदेशालय के कार्यालय भवन निर्माण हेतु ₹62.64 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में ₹5 करोड़ जारी होंगे। इसके अतिरिक्त विभिन्न नगर निकायों में पार्क निर्माण, सौन्दर्यीकरण एवं ओपन जिम स्थापना के लिए ₹2.03 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
शहरी विकास विभाग के अंतर्गत अवस्थापना विकास निधि से 13 विभिन्न योजनाओं के लिए कुल ₹53.12 करोड़ की मंजूरी प्रदान की गई है। वहीं, बौद्ध विकास योजना के तहत देहरादून में तीन परियोजनाओं के क्रियान्वयन हेतु ₹16.04 करोड़ के सापेक्ष द्वितीय चरण में ₹11.11 करोड़ जारी करने का भी अनुमोदन दिया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों के साथ-साथ प्रदेश के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और स्थानीय सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार प्रतिबद्ध है। इन योजनाओं से प्रदेश में विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
