सरस्वती विद्या मंदिर में बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए शुभकामना समारोह

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश में इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए शुभकामना समारोह का गरिमामय एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में अनुशासन, संस्कार और आत्मविश्वास से परिपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक एवं मुख्य वक्ता डॉ. गौरव वार्ष्णेय (प्रोफेसर, श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय) तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात सनातन परंपरा के अनुरूप हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षार्थियों को विजय श्री का तिलक लगाया गया तथा दही-बताशा खिलाकर परीक्षा में सफलता की शुभकामनाएं दी गईं।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह, आत्मविश्वास और भावनात्मक जुड़ाव स्पष्ट रूप से झलकता रहा। कई विद्यार्थियों के चेहरे पर विद्यालय से विदाई की खुशी दिखाई दी, तो कुछ छात्र-छात्राएं भावुक भी नजर आए। यह क्षण विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गया। मुख्य वक्ता डॉ. गौरव वार्ष्णेय ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि परीक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसे आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और धैर्य के साथ पार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति एकाग्रता ही सफलता की कुंजी है। विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहकर पूरे मनोयोग से परीक्षा देने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास ही सबसे बड़ा बल है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थी सदैव अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों के बल पर उत्कृष्ट परिणाम देते आए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि इस वर्ष भी विद्यालय का परिणाम गौरवपूर्ण रहेगा।

कार्यक्रम में संबंधित विषयों के विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को विषयवार उपयोगी सुझाव भी दिए गए, जिससे परीक्षार्थियों को अंतिम समय में मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इससे पूर्व मेधावी विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य का अंगवस्त्र और बैज पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यालय के मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह समारोह विद्यार्थियों के लिए अत्यंत यादगार रहा, जिसे उन्होंने अपने मोबाइल कैमरों में भी संजोया। कार्यक्रम का सफल संचालन रामगोपाल रतूड़ी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल नागेन्द्र पोखरियाल, सतीश चौहान, वीरेन्द्र कंसवाल, रविन्द्र सिंह परमार, यशोदा भारद्वाज, आरती बडोनी सहित सभी बोर्ड कक्षाचार्य एवं अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

Ad