स्वच्छ वायु अभियान को मजबूती देगा रिपेयर मेला : आयुक्त गोपाल राम बिनवाल
ऋषिकेश : नगर निगम ऋषिकेश द्वारा पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत नगर निगम द्वारा शीघ्र ही “रिपेयर मेला” का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में नगर निगम कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें मेले की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जानकारी देते हुए नगर निगम आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि यह रिपेयर मेला नगरवासियों को उपयोग में न आने वाली अथवा क्षतिग्रस्त वस्तुओं को दोबारा उपयोग योग्य बनाने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि अक्सर लोग पुराने या थोड़े-बहुत खराब सामान को कूड़े में फेंक देते हैं, जिससे न केवल कचरे की मात्रा बढ़ती है बल्कि पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के उद्देश्य से नगर निगम यह अभिनव पहल कर रहा है।
रिपेयर मेले में नगर के सभी नागरिक अपने पुराने या फटे कपड़े, टूटे हुए बर्तन, तथा खराब जूते-चप्पल लेकर आ सकते हैं। मेले में मौजूद कारीगरों और विशेषज्ञों के माध्यम से इन वस्तुओं की मरम्मत कर उन्हें फिर से उपयोग के योग्य बनाया जाएगा। इससे लोगों को अपने सामान को नया रूप मिलने के साथ-साथ पुनः प्रयोग की संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि इस मेले का मुख्य उद्देश्य कूड़े के उत्पादन में कमी लाना, संसाधनों की बचत करना और स्वच्छ वायु की दिशा में ठोस कदम उठाना है। जब वस्तुओं का पुनः उपयोग किया जाता है तो नए उत्पादों के निर्माण की आवश्यकता कम होती है, जिससे औद्योगिक प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आती है। नगर निगम का मानना है कि रिपेयर मेला न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होगा, बल्कि नागरिकों को जिम्मेदार उपभोक्ता बनने के लिए भी प्रेरित करेगा। यह पहल “यूज़ एंड थ्रो” की मानसिकता को बदलकर “रिपेयर और रीयूज़” की सोच को मजबूत करेगी।
नगर निगम ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे इस रिपेयर मेले में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, ताकि ऋषिकेश को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के प्रयास को सामूहिक सफलता मिल सके।
