खबर शेयर करें -

कोटद्वार : कोटद्वार शहर में एक दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द के इस्तेमाल को लेकर उपजा विवाद अब केवल स्थानीय तनाव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। मामला उस समय और गरमा गया जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर जिम संचालक दीपक कुमार के समर्थन में पोस्ट साझा की। इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने दीपक कुमार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, कोटद्वार में एक मुस्लिम व्यापारी की दुकान के नाम में ‘बाबा’ शब्द होने को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी। इस आपत्ति के बाद स्थानीय स्तर पर कहासुनी और विवाद की स्थिति पैदा हो गई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच मामला पुलिस तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस विवाद के तूल पकड़ने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए जिम संचालक दीपक कुमार के पक्ष में बयान दिया। राहुल गांधी की इस पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि दीपक कुमार को धमकियां मिल रही हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

वहीं भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस नेता इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक लाभ के लिए हवा दे रहे हैं और समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन का काम है और किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की और स्पष्ट किया कि किसी भी पक्ष को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

फिलहाल कोटद्वार में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन राजनीतिक बयानबाजी के चलते मामला अभी शांत होता नहीं दिख रहा। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Ad