खबर शेयर करें -

देहरादून: राजधानी देहरादून के व्यस्त मच्छी बाजार इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती की सरेआम चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान गुन्नु श्रीवास्तव के रूप में हुई है। आरोपी ने युवती को किसी बहाने सड़क पर बुलाया और फिर अचानक उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने बेहद नृशंस तरीके से वारदात को अंजाम दिया। हमला इतना अचानक था कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवती लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि गुन्नु श्रीवास्तव ने दो दिन पहले ही आरोपी के खिलाफ थाने में धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने आरोपी से जान का खतरा बताया था, लेकिन इससे पहले कि पुलिस कोई ठोस कार्रवाई कर पाती, आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।

हत्या की खबर फैलते ही मच्छी बाजार और आसपास के इलाकों में तनाव फैल गया। एहतियातन स्थानीय व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी के आदेश दिए। एसपी सिटी ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है, क्योंकि पहले से दी गई शिकायत के बावजूद युवती की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पाई।

फिलहाल, पूरे इलाके में पुलिस की कड़ी निगरानी बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और समय पर कार्रवाई के सवालों को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर रही है।

Ad