गांधी पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

खबर शेयर करें -

उत्तराखंड/कांग्रेस भवन : रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में मंगलवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

ज्ञात हो कि 30 जनवरी 1948 को नाथूराम गोडसे ने नई दिल्ली के बिड़ला भवन में महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तभी से इस दिन को पूरे देश में ‘शहीद दिवस’ के रूप में मनाया जाता है और राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले सभी वीरों को याद किया जाता है।इस अवसर पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और प्रेम के बल पर देश को आजादी दिलाई। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने दुनिया को शांति, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। आज जब समाज में विभाजन और कटुता बढ़ाने की कोशिशें हो रही हैं, तब गांधीजी के विचार और भी प्रासंगिक हो जाते हैं।

राकेश सिंह ने कहा कि गांधीजी का जीवन हमें सद्भाव, समानता और नैतिक मूल्यों पर चलने की सीख देता है। यदि हम उनके विचारों को अपने जीवन में उतार लें तो एक बेहतर और समरस समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज की पीढ़ी को महात्मा गांधी के विचारों और उनके संघर्ष से परिचित कराना जरूरी है, ताकि वे समझ सकें कि आजादी केवल एक राजनीतिक परिवर्तन नहीं बल्कि नैतिक और सामाजिक चेतना का भी परिणाम थी।

श्रद्धांजलि सभा में दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता को नमन किया गया। साथ ही यह संकल्प लिया गया कि समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

इस मौके पर जयेंद्र रमोला, मदन मोहन शर्मा, राकेश अग्रवाल, राजेंद्र कोठारी, देवेंद्र प्रजापति, पार्षद भगवान पंवार, बृजभूषण बहुगुणा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ad