माजरी ग्रांट में अतिरिक्त अंडरपास की मांग को लेकर किसानों का प्रदर्शन
देहरादून : देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर माजरी ग्रांट क्षेत्र में अतिरिक्त अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसानों और ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जुलूस निकालकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों का ज्ञापन तहसील प्रशासन को सौंपा।
किसान सभा से जुड़े बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण दलजीत सिंह के नेतृत्व में संगठित होकर जुलूस की शक्ल में तहसील मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हाईवे चौड़ीकरण के बाद स्थानीय लोगों के आवागमन, पशुओं की आवाजाही और खेतों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
किसान सभा के मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह ने बताया कि एनएचएआई द्वारा माजरी ग्रांट क्षेत्र के कुछ स्थानों पर ही अंडरपास प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि वास्तविक जरूरत कई अन्य जगहों पर भी है। उन्होंने कहा कि गांव के दोनों ओर बसे लोगों को एक-दूसरे तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।
संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक ताजेंद्र सिंह ताज ने कहा कि माजरी ग्रांट हाईवे पर कम से कम एक अतिरिक्त अंडरपास तत्काल स्वीकृत किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और किसानों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी रहती है
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जहां-जहां से ग्रामीणों के पारंपरिक रास्ते कटे हैं, वहां आवश्यकता के अनुसार नए अंडरपास बनाए जाएं। साथ ही सर्विस रोड और सुरक्षा इंतजाम भी दुरुस्त किए जाएं ताकि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि न हो। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के अंत में एक प्रतिनिधिमंडल ने तहसील प्रशासन के माध्यम से एनएचएआई और जिला प्रशासन को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए संस्तुति की जाएगी।
