गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि, राज्य आंदोलन के शहीदों को भी किया नमन

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ऋषिकेश में कांग्रेसजनों ने श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम में कम्युनिस्ट पार्टी के धर्मानंद लखेड़ा एवं जगदीश चंद्र कुलियाल ने रामधुन प्रस्तुत कर गांधी जी और शास्त्री जी को याद किया। इसके बाद विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम के अंत में रामपुर तिराहा कांड के शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला एवं प्रदेश सचिव राकेश अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सद्भाव के मार्ग पर चलकर देश को स्वतंत्रता आंदोलन में एकजुट किया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि गांधी के सत्य और अहिंसा का संदेश तथा शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष सदैव देश का मार्गदर्शन करता रहेगा।

जयेंद्र रमोला ने कहा कि गांधी जयंती के स्वरूप और महत्व को कम करने के प्रयासों का कांग्रेस विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों और उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।

प्रदेश महासचिव दीप शर्मा एवं CPI के प्रदेश सचिव जगदीश चंद्र कुलियाल ने देश में लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री के आदर्शों को याद करते हुए लोकतंत्र, जनहित और सामाजिक न्याय के मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने राज्य आंदोलन के शहीदों को भी नमन किया।कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। सभी ने गांधी और शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर देवेंद्र प्रजापति, भगवान सिंह पंवार, मनीष जाटव, सूरत सिंह कोहली, मदन मोहन शर्मा, अरविंद जैन, भूपेंद्र राणा, बप्पी अधिकारी, विनोद रतूड़ी, हरि सिंह नेगी, अमन गुप्ता, अनिल कुमार गुप्ता, धर्मानंद लखेड़ा, अभय चंद्र, बृजभूषण बहुगुणा, सुमित चौधरी, शशिशरण, रवि थापा, हिमांशु कश्यप, नवनियुक्त छात्र संघ महासचिव रेहान बंदोलिया, छात्रसंघ उपाध्यक्ष प्रत्याशी उदित झा, डिंपल, प्रिया, राहुल और अर्पित सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ad