1955 से चली आ रही सुभाष बनखंडी रामलीला में गूंजेगा जय श्रीराम, 7 से 21 अक्टूबर तक होगा मंचन
ऋषिकेश। सुभाष बनखंडी श्री रामलीला कमेटी की ओर से 7 से 21 अक्टूबर तक 66वीं रामलीला का भव्य मंचन किया जाएगा। शनिवार को रामलीला प्रांगण में आयोजित पत्रकार वार्ता में कमेटी पदाधिकारियों ने आयोजन की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी दी।
कमेटी अध्यक्ष अशोक थापा, महामंत्री योगेश कालड़ा और कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह पाल ने बताया कि वर्ष 1955 से रामलीला का मंचन किया जा रहा है। इस बार स्थानीय कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और रामचरितमानस के प्रमुख प्रसंगों को मंच पर जीवंत करेंगे।
रामलीला को आकर्षक बनाने के लिए पहली बार डिजिटल एलईडी गेट और चलित बैकग्राउंड का प्रयोग किया जाएगा। वहीं, महिला मंडल का गठन कर महिलाओं द्वारा घर-घर जाकर रामलीला और सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ बच्चों और युवाओं को श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
रामलीला का शुभारंभ 7 अक्टूबर को गणेश पूजन, श्रवण कुमार, राजा दशरथ संवाद और कैलाश लीला से होगा। इसके बाद सीता स्वयंवर, श्रीराम वनवास, सीता हरण, हनुमान-रावण संवाद और लंका दहन समेत रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।
20 अक्टूबर को मेघनाद, कुंभकर्ण और रावण वध का मंचन होगा। 21 अक्टूबर को भरत मिलाप, श्रीराम राज्याभिषेक, रंगारंग कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण के साथ 66वीं रामलीला का समापन होगा।कमेटी ने रामलीला प्रांगण में नशीले पदार्थों के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। पदाधिकारियों ने नगरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला का मंचन देखने की अपील की है।
