शंकराचार्य चौक-कनखल-देशरक्षक तिराहा मार्ग का होगा कायाकल्प, 3.93 करोड़ रुपये होंगे खर्च
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक करीब तीन किलोमीटर लंबे मार्ग के नवीनीकरण और फुटपाथ निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। मेला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने स्थानीय पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर उनकी शंकाएं और सुझाव सुने।
स्थानीय लोगों की मांग पर तय किया गया कि पूरी सड़क पर फुटपाथ निर्माण से पहले एक हिस्से में रेज्ड फुटपाथ का नमूना तैयार किया जाएगा, ताकि निर्माण की उपयोगिता और डिजाइन को लेकर स्थानीय लोगों की शंकाओं का समाधान हो सके।अधिकारियों के अनुसार, इस योजना के लिए शासन ने 3.93 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। करीब तीन किलोमीटर लंबे मार्ग पर नवीनीकरण के साथ फुटपाथ और जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी। योजना के तहत करीब दो किलोमीटर रेज्ड फुटपाथ और एक किलोमीटर लेवल फुटपाथ बनाया जाएगा।
शनिवार को रामकृष्ण मिशन अस्पताल के निकट फुटपाथ निर्माण को लेकर पार्षदों द्वारा उठाए गए मुद्दे का मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने संज्ञान लिया। उन्होंने मेला प्रशासन और लोनिवि अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों से बातचीत के निर्देश दिए।
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित अधिकारियों ने कनखल क्षेत्र में पार्षदों और स्थानीय लोगों से चर्चा की। उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। कुंभ मेला कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए नियमित थर्ड पार्टी जांच की व्यवस्था भी की गई है।
स्थानीय पार्षदों ने फुटपाथ निर्माण से पहले नमूना तैयार करने के साथ-साथ जल निकासी की बेहतर व्यवस्था, अस्पताल के पास रेलिंग लगाने और सड़क मरम्मत का कार्य जल्द पूरा करने की मांग रखी। अधिकारियों की सहमति के बाद पार्षद भूपेन्द्र कुमार, सचिन अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने निर्माण कार्य में सहयोग का भरोसा दिया।
