मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के कार्यक्रमों की तैयारियों पर मंथन, प्रेमचंद अग्रवाल ने ली संगठन की बैठक

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडल अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित कार्यक्रमों की आगामी तैयारियों पर चर्चा की गई।

बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और बूथ सशक्तीकरण अभियान की भी समीक्षा की गई। डॉ. अग्रवाल ने पदाधिकारियों से आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी और व्यापक स्तर पर आयोजित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई है। केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में भाजपा कार्यकर्ता लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बूथ संगठन भाजपा की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है और बूथों को मजबूत करने के लिए चल रहे कार्यों में तेजी लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता, मजबूत संगठन और जनसंपर्क के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा एवं सुशासन के संकल्प को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपने और आवश्यक तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सुमन, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Ad