गुचुपानी में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, ठंडे पानी और प्राकृतिक सौंदर्य का ले रहे आनंद
देहरादून: राजधानी देहरादून में बढ़ती गर्मी और वीकेंड की छुट्टियों के बीच गढ़ी कैंट क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुचुपानी (रॉबर्स केव) पर्यटकों की पहली पसंद बनकर उभर रहा है। पहाड़ियों के बीच बहते ठंडे और स्वच्छ जल, प्राकृतिक गुफाओं तथा मनमोहक वातावरण का आनंद लेने के लिए उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।
गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक गुचुपानी के ठंडे पानी में घंटों समय बिता रहे हैं। प्राकृतिक चट्टानों और संकरी गुफाओं के बीच बहता जल पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्रदान कर रहा है। यही वजह है कि इन दिनों गुचुपानी, सहस्त्रधारा के बाद देहरादून का सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल बनता जा रहा है।
गुचुपानी आने वाले कई पर्यटक ड्रोन कैमरों की मदद से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर प्राकृतिक सौंदर्य को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी गुचुपानी की खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो तेजी से साझा किए जा रहे हैं, जिससे इस स्थल की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
पर्यटक यहां की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहे हैं। पटियाला से आए पर्यटक जतिन ने बताया कि वह दूसरी बार देहरादून आए हैं, लेकिन पहली बार अपने परिवार के साथ गुचुपानी घूमने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक उन्होंने गुचुपानी को केवल वीडियो में देखा था, लेकिन वास्तविक रूप में इसकी सुंदरता और यहां का शांत वातावरण कहीं अधिक आकर्षक है।
जतिन ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी सराहना करते हुए सभी पर्यटकों से अपील की कि वे गुचुपानी की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और पर्यटन स्थल को साफ-सुथरा रखें। प्राकृतिक सौंदर्य, ठंडे जल और रोमांचक अनुभव के चलते गुचुपानी इन दिनों देहरादून आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
