पूर्व मेयर अनिता ममगाई ने युवाओं संग किया श्रमदान एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत लगाए पौधे
ऋषिकेश: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ऋषिकेश स्थित सोमेश्वर मंदिर परिसर में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मेयर श्रीमती अनिता ममगाई ने कार्यकर्ताओं और युवाओं के साथ सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के तहत प्रधानमंत्री के आह्वान “एक पेड़ माँ के नाम” संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पीपल, नीम, बरगद समेत विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। वहीं “स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत” के मंत्र के साथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने श्रमदान कर स्वच्छ और कचरा मुक्त वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व मेयर अनिता ममगाई ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि “नमामि गंगे”, “स्वच्छ भारत मिशन” और “नेशनल मिशन फॉर ग्रीन इंडिया” जैसी योजनाओं ने देश को नई दिशा प्रदान की है। वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बीते 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। जनता के विश्वास और सरकार के सेवा भाव ने भारत की वैश्विक पहचान को मजबूत किया है। सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ गरीबों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे वर्षभर हर महीने कम से कम एक पौधा लगाकर और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहकर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ भारत अभियान को मजबूती प्रदान करेंगे।
