गंगा में महिला को बचाने कूदा युवक लापता, एसडीआरएफ का सर्च ऑपरेशन जारी

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : ऋषिकेश के फूलचट्टी क्षेत्र में गंगा नदी में डूबे एक युवक की तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) का सर्च अभियान लगातार जारी है। युवक अपनी परिजन महिला को तेज बहाव से बचाने के लिए नदी में कूदा था, लेकिन खुद गंगा की लहरों में लापता हो गया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:30 बजे थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के फूलचट्टी के पास ह्यूंल नदी के मुहाने पर एक युवक के गंगा में डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और तत्काल खोज अभियान शुरू कर दिया।

बताया गया कि शैलेन्द्र महावी (30 वर्ष), निवासी ग्वालियर, मध्य प्रदेश, अपने परिवार के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। परिवार के कुछ सदस्य फूलचट्टी क्षेत्र के समीप गंगा में स्नान कर रहे थे। यह स्थान प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों से प्रतिबंधित घोषित किया गया है और यहां स्नान की अनुमति नहीं है।

स्नान के दौरान परिवार की सदस्य रेनू गुर्जर (33 वर्ष) अचानक गंगा के तेज बहाव में बहने लगीं। महिला को संकट में देख शैलेन्द्र महावी बिना देर किए उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा। महिला किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आई, लेकिन शैलेन्द्र तेज धारा और गहराई में फंसकर लापता हो गया।

घटना के बाद स्थानीय पुलिस, परिजनों और आसपास मौजूद लोगों की मदद से महिला को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।एसडीआरएफ की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर संभावित डूब क्षेत्र और आसपास के इलाकों में गहन खोजबीन शुरू की। नदी के तेज बहाव, अधिक गहराई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जवान लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

एसडीआरएफ ने सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित और असुरक्षित घोषित स्थानों पर स्नान या किसी भी प्रकार की जल गतिविधि न करें। नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बदल सकता है, जिससे गंभीर हादसे हो सकते हैं।

विभाग ने लोगों से नदी किनारे लगाए गए चेतावनी बोर्डों और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने तथा केवल चिन्हित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने का आग्रह किया है। एसडीआरएफ ने कहा कि जनसुरक्षा और आपदा राहत कार्यों के लिए उसकी टीमें हर समय तत्पर हैं।

Ad