मुकेश अंबानी ने किए बदरीनाथ-केदारनाथ धाम के दर्शन, बीकेटीसी को दिए 10 करोड़ रुपये

खबर शेयर करें -

बदरीनाथ/केदारनाथ: देश के प्रमुख उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने उत्तराखंड के पवित्र धाम बदरीनाथ और केदारनाथ पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए दोनों धामों में श्रद्धा अर्पित की। साथ ही उन्होंने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को कुल 10 करोड़ रुपये का दान भी प्रदान किया।

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि मुकेश अंबानी सोमवार सुबह सबसे पहले श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद पूर्वाह्न में वे श्री केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा केदारनाथ के चरणों में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

दर्शन के दौरान मुकेश अंबानी ने बीकेटीसी को दो अलग-अलग चेक भेंट किए। इनमें बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये तथा केदारनाथ धाम के लिए 5 करोड़ रुपये की धनराशि शामिल है। इस प्रकार उन्होंने कुल 10 करोड़ रुपये का योगदान मंदिर समिति को दिया।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अंबानी परिवार की भगवान बदरीविशाल और बाबा केदारनाथ के प्रति गहरी आस्था रही है। उन्होंने बताया कि अंबानी परिवार पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी दोनों धामों के विकास और व्यवस्थाओं के लिए उदार सहयोग लेकर आया है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण योगदान के लिए मुकेश अंबानी और उनके परिवार का आभार व्यक्त किया।

बदरीनाथ धाम में बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सदस्य धीरज मौनू पंचभैया, रजनीश भट्ट, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान, पूर्व सदस्य भास्कर डिमरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मुकेश अंबानी का स्वागत करते हुए उनके सहयोग की सराहना की।

वहीं, केदारनाथ धाम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती, प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग तथा अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

मुकेश अंबानी की इस यात्रा और 10 करोड़ रुपये के दान को चारधाम यात्रा के बीच मंदिर व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सहयोग माना जा रहा है। धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में उनके इस योगदान की व्यापक सराहना की जा रही है।

Ad