देहरादून: उर्मिला सनावर के खिलाफ FIR दर्ज, सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद
देहरादून : अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद चर्चा में आई उर्मिला सनावर एक बार फिर विवादों में घिर गई हैं। इस बार उनके खिलाफ देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में सोशल मीडिया के माध्यम से छवि खराब करने और अभद्र पोस्ट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई मोथरोवाला चौक निवासी आरती गौड़ की शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद
शिकायतकर्ता आरती गौड़ का आरोप है कि सहारनपुर के गोविंद नगर निवासी उर्मिला सनावर फेसबुक पर लगातार उनके खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां कर रही हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि उर्मिला ने उनका मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद उन्हें अज्ञात लोगों से लगातार कॉल और धमकियां मिलने लगीं।
आरती गौड़ के अनुसार सोशल मीडिया के जरिए लोगों को उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ पोस्ट्स में उनके घर पर बुलडोजर चलाने जैसी बातें तक कही गईं, जिससे उनके मन में भय और असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। साथ ही, उन्होंने अपनी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचने की बात भी कही है।
मामले में एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कौन हैं उर्मिला सनावर
उर्मिला सनावर उस समय सुर्खियों में आई थीं जब उन्होंने खुद को बीजेपी के निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताते हुए एक कथित ऑडियो जारी किया था। इस ऑडियो में अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कई दावे किए गए थे, जिससे प्रदेश की राजनीति में हलचल मच गई थी।
पुराने आरोप फिर चर्चा में
उर्मिला द्वारा जारी ऑडियो में यह भी दावा किया गया था कि आरती गौड़ ने मुख्य आरोपी पुलकित आर्या के रिजॉर्ट पर बुलडोजर चलवाया था। हालांकि, आरती गौड़ ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी और बीजेपी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच फिलहाल सीबीआई द्वारा की जा रही है। ऐसे में उर्मिला सनावर से जुड़े इस नए मामले ने एक बार फिर पुराने विवाद को ताजा कर दिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है, जिसके बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
