दिल्ली में EV रजिस्ट्रेशन में 29% की बढ़ोतरी
दिल्ली : राजधानी में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान इलेक्ट्रिक वाहनों की लोकप्रियता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालिया आंकड़ों के अनुसार EV रजिस्ट्रेशन में 29 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो पिछले वर्ष के 83,512 से बढ़कर इस वर्ष लगभग 1.07 लाख तक पहुंच गए हैं। यह जानकारी एनवायरोकैटेलिस्ट्स के विश्लेषण में सामने आई है।
विशेषज्ञों के अनुसार दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण, सरकारी नीतियों और इलेक्ट्रिक वाहनों पर मिलने वाली सब्सिडी ने लोगों को EV अपनाने के लिए प्रेरित किया है। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार और बढ़ती ईंधन कीमतों ने भी इस रुझान को मजबूती दी है। हालांकि, केवल इलेक्ट्रिक वाहनों ही नहीं, बल्कि पेट्रोल और सीएनजी वाहनों के रजिस्ट्रेशन में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे साफ है कि राजधानी में कुल वाहन मांग लगातार बढ़ रही है। खासतौर पर सीएनजी वाहनों की मांग को अपेक्षाकृत किफायती और कम प्रदूषणकारी विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
परिवहन विशेषज्ञों का मानना है कि EV की बढ़ती हिस्सेदारी दिल्ली को स्वच्छ परिवहन की दिशा में आगे बढ़ा रही है, लेकिन कुल वाहनों की संख्या में इजाफा ट्रैफिक और प्रदूषण की चुनौती को पूरी तरह खत्म नहीं कर पा रहा है।
सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को और बढ़ावा देना है, ताकि राजधानी में प्रदूषण के स्तर को कम किया जा सके और सतत परिवहन प्रणाली विकसित की जा सके।
