खबर शेयर करें -

देहरादून : आबकारी विभाग की ऋषिकेश टीम एवं जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोहकमपुर फ्लाईओवर के पास एक संदिग्ध चार पहिया वाहन की चेकिंग की गई। तलाशी के दौरान वाहन की डिग्गी से कुल 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

बरामद शराब में पांच पेटी रॉयल स्टैग व्हिस्की कांच की बोतलों में पाई गई, जिन पर “For Sale in Defence Only” अंकित था। इसके अलावा पांच पेटी मैकडॉवेल नंबर-1 अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिन पर “For Sale in Delhi Only” लिखा हुआ था। प्रारंभिक जांच में यह मामला अवैध शराब तस्करी से जुड़ा पाया गया।

मौके से वाहन चला रहे व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रवि पुत्र ग्वेन्द्र सिंह, निवासी अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) एवं वर्तमान निवासी बद्रीपुर, देहरादून बताया। अभियुक्त के कब्जे से बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

आबकारी टीम ने बरामद शराब के साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है। अभियुक्त के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 63 एवं 72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Ad