खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : परवादून क्षेत्र में हाल ही में संपन्न हुए युवा कांग्रेस संगठन चुनाव के बाद नव निर्वाचित पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर पार्षद एवं युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव एडवोकेट अभिनव सिंह मलिक और युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव ऋषभ राणा ने सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष (परवादून) पद पर निर्वाचित गौरव भारती, ब्लॉक अध्यक्ष (बापू नगर) अंकित सजवाण, ब्लॉक उपाध्यक्ष (ऋषिकेश नगर) मयंक पाल तथा ब्लॉक महासचिव (रायवाला) सचिन सैनी का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

अपने संबोधन में एडवोकेट अभिनव सिंह मलिक ने कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा से युवाओं की आवाज को मजबूती देने वाला एक सशक्त मंच रहा है। नई टीम के जुड़ने से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करते हुए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।

वहीं ऋषभ राणा ने कहा कि संगठन की असली ताकत युवाओं की सक्रिय भागीदारी में निहित है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और युवा कांग्रेस के माध्यम से समाज के हर वर्ग की समस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाया जा सकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करें और आमजन से निरंतर संवाद बनाए रखें।

कार्यक्रम में नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से कार्य करेंगे।अंत में सभी विजयी प्रत्याशियों ने स्वागत एवं सम्मान के लिए एडवोकेट अभिनव सिंह मलिक और ऋषभ राणा का आभार व्यक्त किया तथा संगठन को मजबूत बनाने और जनता की सेवा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर आकाश, विशाल भारती, मानवेन्द्र मिश्रा, आर्यन सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Ad