अखिलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में ऊर्जा फेंसिंग और सघन वृक्षारोपण की मांग

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: प्राचीन अखिलेश्वर महादेव मंदिर की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर मंदिर प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने वन विभाग के समक्ष अपनी मांग रखी। मंदिर के महंत मनु भारती के सानिध्य में एक प्रतिनिधिमंडल ने वन क्षेत्राधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मंदिर परिसर में ऊर्जा फेंसिंग लगाए जाने तथा सघन वृक्षारोपण कराए जाने की मांग की।

महंत मनु भारती ने कहा कि अखिलेश्वर महादेव मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि यह वन क्षेत्र से सटा होने के कारण वन्यजीवों की आवाजाही से भी प्रभावित रहता है। ऐसे में मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ऊर्जा फेंसिंग अत्यंत आवश्यक है। साथ ही सघन वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलन बनेगा और क्षेत्र की हरियाली भी बढ़ेगी।

ज्ञापन के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि मंदिर में वर्ष भर श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। कई बार जंगली जानवरों के कारण भय की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। ऊर्जा फेंसिंग से जहां सुरक्षा सुनिश्चित होगी, वहीं वृक्षारोपण से प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता को भी संरक्षण मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधान श्यामपुर देवेंद्र रावत, मंदिर समिति के अध्यक्ष प्यार सिंह रावत, पंचायत सदस्य प्रतिनिधि गढ़ी मचचक विकास कंडियाल, भाजपा नेता अचछू सिंह कलूड़ा, संजय पोखरियाल, पंकज प्रजापति, राकेश जोशी एवं रतूड़ी आदेश शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में वन विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

वन क्षेत्राधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कदम उठाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी मंदिर और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर इस पहल को सराहनीय बताया।

Ad