भीमताल में कैंची धाम बाईपास परियोजना की समीक्षा
नैनीताल: लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज ने भीमताल क्षेत्र में निर्माणाधीन कैंची धाम बाईपास परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि यह बाईपास क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके चालू होने से कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और नैनीताल–भीमताल क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।
सतपाल महाराज ने बताया कि लगभग 18.2 किलोमीटर लंबा यह बाईपास आगामी 15 जून 2026 तक यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। बाईपास के चालू होने से भीमताल, भवाली और कैंची धाम मार्ग पर लगने वाले जाम की समस्या में कमी आएगी और यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित एवं समयबद्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों की सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि शिप्रा नदी पर प्रस्तावित पुल के निर्माण में तकनीकी कारणों से कुछ देरी हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए पर्यटन सीजन से पहले वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में एक बैली ब्रिज का निर्माण किया जाएगा, ताकि यातायात बाधित न हो और श्रद्धालुओं व पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंत्री ने निर्देश दिए कि बैली ब्रिज का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
लोक निर्माण विभाग मंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे हों और निर्माण में मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया जाए। साथ ही, उन्होंने नियमित निगरानी और समन्वय के माध्यम से परियोजना को गति देने पर जोर दिया।
मंत्री सतपाल महाराज ने विश्वास जताया कि कैंची धाम बाईपास परियोजना के पूर्ण होने से कुमाऊं क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
