क्लेमेनटाउन में नरेंद्र टेंट हाउस में देर रात भीषण आग
देहरादून : देहरादून के क्लेमेनटाउन क्षेत्र में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नरेंद्र टेंट हाउस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि टेंट और शामियाने के सामान में उठती लपटें आसपास के रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ने लगीं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पीएफटी के माध्यम से फायर सर्विस को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई यूनिटें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लगातार पानी की बौछारें कीं और करीब तीस हजार लीटर पानी का उपयोग कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल विभाग की तत्परता के कारण आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि टेंट हाउस में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया, जिससे आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, जिसने समय रहते आग पर काबू पाकर रिहायशी क्षेत्र को सुरक्षित रखा।
