द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिकों की सम्मान राशि पर G.O. जारी करने की मांग
12 जुलाई को धरना देगा उत्तराखंड जन विकास मंच
ऋषिकेश। उत्तराखंड जन विकास मंच ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम पत्र भेजकर द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिकों एवं उनकी विधवाओं को सम्मान राशि प्रदान किए जाने संबंधी शासनादेश (G.O.) शीघ्र जारी करने की मांग की है। मंच ने चेतावनी दी है कि यदि शासन स्तर पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 12 जुलाई को त्रिवेणी घाट स्थित गांधी स्तंभ के सामने दो घंटे का धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
मंच के अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड शासन के पत्रांक संख्या 385816/XXXV-4/धा0/2026 दिनांक 8 अप्रैल 2026 के तहत मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं तथा अन्य पात्र लाभार्थियों को सम्मान राशि दिए जाने का निर्णय लिया गया था। हालांकि, घोषणा के कई महीने बाद भी इस संबंध में शासनादेश जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें सैनिकों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद संबंधित शासनादेश जारी न होने से पूर्व सैनिकों, उनकी विधवाओं और आमजन में निराशा एवं रोष है।
आशुतोष शर्मा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि द्वितीय विश्व युद्ध के वृद्ध पूर्व सैनिकों एवं उनकी विधवाओं के हितों को देखते हुए संबंधित विभागों को तत्काल शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि घोषित सम्मान राशि का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है तो 12 जुलाई को त्रिवेणी घाट स्थित गांधी स्तंभ के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड जन विकास मंच समय-समय पर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाता रहा है।
