एम्स ऋषिकेश में उत्तराखंडवासियों के लिए अलग ओपीडी पंजीकरण काउंटर शुरू, स्थानीय मरीजों को मिलेगी प्राथमिकता

खबर शेयर करें -

विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया उद्घाटन, पंजीकरण और बिलिंग प्रक्रिया होगी अधिक सुगम

ऋषिकेश। उत्तराखंड के स्थानीय मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में राज्यवासियों के लिए अलग ओपीडी पंजीकरण काउंटर शुरू कर दिया गया है। इस काउंटर पर उत्तराखंड के मरीजों को रोगी पंजीकरण और बिलिंग संबंधी सेवाओं में वरीयता प्रदान की जाएगी।बुधवार को संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह की उपस्थिति में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अस्पताल के भूतल स्थित पंजीकरण क्षेत्र में रिबन काटकर नए काउंटर का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर प्रो. मीनू सिंह ने कहा कि नए काउंटर के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय मरीजों को पंजीकरण और बिलिंग संबंधी कार्यों में विशेष सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी प्रतीक्षा अवधि भी कम होगी।विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि एम्स में लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या के कारण स्थानीय लोगों को पंजीकरण में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने एम्स प्रशासन से राज्यवासियों के लिए अलग काउंटर शुरू करने का अनुरोध किया था। उन्होंने इस पहल के लिए एम्स प्रशासन और संस्थान की कार्यकारी निदेशक का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में उप चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि कुमार, डॉ. विकास पंवार, संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. संदीप कुमार सिंह, उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी कमांडेंट अनिल चंद्र सिंह, पीपीएस विनीत कुमार, विश्वजीत कुमार, स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता तथा संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ad