धामी ने यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के दिए निर्देश
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि चार धाम यात्रा प्रदेशवासियों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। इस दौरान उत्तराखंडवासी देश और दुनिया भर से आने वाले श्रद्धालुओं का गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष चार धाम यात्रा 19 अप्रैल 2026 से शुरू होगी और इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए सड़कों के सुदृढ़ीकरण, अवस्थापना सुविधाओं के विकास, दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और परिवहन व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर सभी मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2025 की चार धाम यात्रा प्राकृतिक आपदाओं के कारण डेढ़ महीने से अधिक समय तक बाधित रही थी, इसके बावजूद 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चार धाम के दर्शन किए थे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2026 की यात्रा के लिए अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। साथ ही, गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के अतिथि गृहों में 5 करोड़ रुपये से अधिक की अग्रिम बुकिंग हो चुकी है, जो यात्रा के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुखद चार धाम दर्शन कराना राज्य सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए शासन और प्रशासन को सतर्क रहते हुए यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा से जुड़े सभी हितधारकों जैसे अतिथि गृह संचालक, ढाबा संचालक, टैक्सी एवं परिवहन सेवा प्रदाता के साथ समन्वय और संवाद स्थापित कर लिया गया है, ताकि यात्रा के दौरान बेहतर सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन द्वारा समय-समय पर चार धाम यात्रा से संबंधित आवश्यक सूचनाएं श्रद्धालुओं तक पहुँचाई जाएंगी, जिससे वे अपनी यात्रा को बेहतर ढंग से नियोजित कर सकें। उन्होंने शासन को चार धाम यात्रा की तैयारी की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं भी जल्द ही चार धाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से चार धाम यात्रा-2026 को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाया जाएगा, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्राप्त हो।
