खबर शेयर करें -

ऋषिकेश : ऋषिकेश नगर निगम परिसर में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन महापौर शंभू पासवान, नगर आयुक्त गोपाल राम बेनीवाल एवं क्षेत्रीय पार्षदों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर आमंत्रित विशेषज्ञ चिकित्सकों का पौधा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। शिविर में मेदांता हॉस्पिटल नोएडा-दिल्ली, एम्स ऋषिकेश, एसपीएस राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश एवं निर्मल आश्रम चिकित्सालय के कुल 15 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने भाग लिया। इन डॉक्टरों द्वारा पर्यावरण मित्रों, कूड़ा बीनने वाले रैग पिकर्स, सुपरवाइजरों और आम नागरिकों सहित 500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों को आवश्यक जांच, परामर्श एवं नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। नगर निगम कर्मचारियों के परिजनों एवं आमजन ने भी शिविर का लाभ उठाया।

शिविर के दौरान नगर निगम के 321 स्वास्थ्य कर्मचारियों को जूते, वर्दी एवं मेडिकल किट वितरित की गई। वहीं, सिपेट इंस्टीट्यूट डोईवाला द्वारा आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण के उपरांत 35 रैग पिकर्स को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।नगर आयुक्त गोपाल राम बेनीवाल ने कहा कि पर्यावरण मित्र और रैग पिकर्स शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं, ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सम्मान का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। महापौर शंभू पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि निगम द्वारा कर्मचारियों के हित में उठाए जा रहे कदमों से उनका मनोबल बढ़ रहा है, जिससे शहर में साफ-सफाई व्यवस्था में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी कर्मचारियों के हित में ऐसे निर्णय जारी रहेंगे।

इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, अमन कुमार, सफाई निरीक्षक, सुपरवाइजर एवं क्षेत्रीय पार्षद आशु डांग, दिनेश रावत, राजेश कोठियाल, सरोजिनी थपलियाल, देवेंद्र प्रजापति सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Ad