धराली आपदा प्रभावितों ने गणतंत्र दिवस पर प्रस्तावित प्रदर्शन किया स्थगित, प्रशासन के आश्वासन के बाद टला आंदोलन

खबर शेयर करें -

उत्तरकाशी: धराली क्षेत्र के आपदा प्रभावितों ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित कर दिया। बीते छह माह से पुनर्वास और मुआवजे की प्रक्रिया आगे न बढ़ने से नाराज प्रभावित परिवारों ने आंदोलन का ऐलान किया था। हालांकि प्रशासन के हस्तक्षेप और ठोस कार्रवाई के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई और आंदोलन टाल दिया गया।

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन की सूचना मिलने पर अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी मौके पर पहुंचे और आपदा प्रभावितों से सीधे संवाद किया। प्रभावितों ने प्रशासन के समक्ष अपनी पीड़ा रखते हुए कहा कि आपदा के बाद से अब तक पुनर्वास की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है, जबकि मुआवजे की प्रक्रिया भी लंबे समय से लंबित पड़ी है। इस देरी के कारण प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने स्वयं हस्तक्षेप किया और मुख्यमंत्री के समन्वयक से भी इस विषय पर समन्वय स्थापित किया गया। इसके बाद प्रशासन की ओर से प्रभावितों को भरोसा दिलाया गया कि पुनर्वास और मुआवजे से जुड़ी सभी लंबित प्रक्रियाओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि आगामी 15 दिनों के भीतर ठोस कदम उठाते हुए पुनर्वास योजना और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद आपदा प्रभावितों ने गणतंत्र दिवस पर प्रस्तावित प्रदर्शन को स्थगित करने का निर्णय लिया।

हालांकि प्रभावितों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। फिलहाल प्रशासनिक आश्वासन के बाद धराली क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है और सभी की निगाहें अब आगामी 15 दिनों में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Ad