ऋषिकेश में गंगा आरती के साथ निर्देशक अभिषेक सक्सेना ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश। देशभक्ति और आध्यात्मिकता के खूबसूरत संगम के बीच फिल्म निर्देशक अभिषेक सक्सेना ने ऋषिकेश में भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। वे पूर्णानंद घाट, जानकीपुल पर ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट द्वारा आयोजित महिला गंगा आरती में शामिल हुए।

फुल्लू, सरोज का रिश्ता और बंदा सिंह चौधरी जैसी चर्चित फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले अभिषेक सक्सेना ने मां गंगा की आरती कर देश, देशवासियों और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रार्थना की। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र को नमन किया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गंगा आरती को तिरंगे की थीम में सजाया गया था। पूरा घाट देशभक्ति के रंग में नजर आया और श्रद्धालुओं ने भारत माता के जयकारों के साथ आजादी के पर्व का जश्न मनाया।

अभिषेक सक्सेना ने कहा कि जब उन्हें पता चला कि पूर्णानंद घाट पर पहली बार उत्तराखंड की महिलाएं मां गंगा की आरती कर रही हैं, तो वे भी उनके साथ आरती में शामिल होना चाहते थे। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के बिना मानव विकास और संपूर्ण राष्ट्र निर्माण का सपना पूरा नहीं हो सकता। महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक क्षेत्रों में समान अवसर और सहभागिता मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत में लैंगिक समानता को बढ़ावा देने से देश को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूती मिलेगी। महिलाओं को अपनी शक्ति पहचानने और अपने फैसले स्वयं लेने का अधिकार मिलना जरूरी है। समाज के विकास में मातृशक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।इस अवसर पर अभिषेक सक्सेना ने ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ‘ज्ञानी जी’ से मुलाकात कर महिला गंगा आरती की शुरुआत के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

दोनों के बीच महिला सशक्तीकरण, लैंगिक समानता और महिलाओं को समान अवसर उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा भी हुई।अभिषेक सक्सेना अपनी फिल्मों के माध्यम से मानवीय भावनाओं, रिश्तों और भारत की विविधता से जुड़ी कहानियों को सामने लाते रहे हैं। ऋषिकेश में गंगा आरती में शामिल होना उनके लिए स्वतंत्रता दिवस का एक विशेष और यादगार अनुभव रहा।

महिला गंगा आरती में डॉ. ज्योति शर्मा, आचार्य सोनिया राज, पूनम रावत, अंजना उनियाल, पुष्पा शर्मा, गायत्री, वंदना नेगी, प्रमिला और सुषमा पांडे ने विशेष भूमिका निभाई।

Ad