निरामया योजना से दिव्यांगजनों को मिलेगा स्वास्थ्य सुरक्षा कवच
देहरादून, संवाददाता। दिव्यांगजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार की “निरामया स्वास्थ्य बीमा योजना” जनपद में प्रभावी रूप से लागू की जा रही है। योजना के तहत सेरेब्रल पाल्सी, ऑटिज्म, मानसिक मंदता एवं बहु-दिव्यांगता से ग्रसित व्यक्तियों को सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को प्रतिवर्ष एक लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जाएगा। इसमें ओपीडी उपचार, दवाइयां, पैथोलॉजी जांच, डेंटल उपचार, नॉन-सर्जिकल हॉस्पिटलाइजेशन तथा करेक्टिव सर्जरी का खर्च शामिल है। साथ ही थेरेपी और वैकल्पिक चिकित्सा संबंधी खर्चों का भी भुगतान योजना के तहत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सामान्य श्रेणी के दिव्यांगजनों को मात्र 500 रुपये वार्षिक प्रीमियम जमा करना होगा, जबकि बीपीएल परिवारों से संबंधित दिव्यांग व्यक्तियों को यह सुविधा निःशुल्क मिलेगी।जिलाधिकारी सविन बंसल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण में 500 दिव्यांग व्यक्तियों का स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम जिला योजना से जमा कराने की स्वीकृति दी है। इसके तहत 500 दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य बीमा सुविधा का लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को पात्र लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित करने तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) को ऑनलाइन पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं। योजना से जुड़ी जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति डीडीआरसी देहरादून के दूरभाष नंबर 8791009301 पर संपर्क कर सकते हैं।
