एनसीसी कैडेट्स को आपदा किट वितरित, युवाओं को राहत-बचाव कार्यों के लिए किया तैयार
31 यूके बटालियन हरिद्वार द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में 50 एनसीसी कैडेट्स (युवा आपदा मित्र) को आपदा किट वितरित की गई। इस अवसर पर यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ललित पंवार और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) हरिद्वार की प्रतिनिधि मीरा रावत ने कैडेट्स को किट प्रदान की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों के लिए तैयार करना तथा उनमें सेवा भावना को प्रोत्साहित करना था। इससे पहले एनसीसी कैडेट्स को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों द्वारा आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू ऑपरेशन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया था, ताकि वे आपात परिस्थितियों में प्रभावी रूप से लोगों की सहायता कर सकें।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मीरा रावत ने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आपदा किट कैडेट्स के लिए राहत एवं बचाव कार्यों में सहायक सिद्ध होगी।
वहीं यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ललित पंवार ने कहा कि किसी भी आपदा के समय सबसे पहले स्थानीय लोग ही मदद के लिए आगे आते हैं। यदि युवा पहले से प्रशिक्षित हों तो वे कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कैडेट्स को प्रशिक्षण का सही उपयोग करने और समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी कैडेट्स को आपदा किट वितरित की गई और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर एडम ऑफिसर कर्नल गौरव, सूबेदार मेजर लक्ष्मण सिंह सहित 31 यूके बटालियन का पूरा परिवार मौजूद रहा।
