पिथौरागढ़ में गैस आपूर्ति को लेकर डीएम आशीष भटगांई की अहम बैठक
पिथौरागढ़ : जनपद में घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेंडरों के भंडारण और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से आज प्रातः 11:00 बजे जिला कार्यालय सभागार, पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में होटल एसोसिएशन एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस आपूर्ति से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा प्रतिनिधियों द्वारा कई सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।बैठक के दौरान व्यापार मंडल और होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने नगर क्षेत्र में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा होटल और भोजनालयों में कार्यरत स्टाफ के भोजन हेतु गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए सुझावों को शासन स्तर पर आयोजित बैठकों में रखा जाएगा और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान स्थिति की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है, ताकि गैस आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य रखा जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में बुक किए गए गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद फोन कर उनके घर तक गैस सिलेंडर पहुंचाया जाए, जिससे गैस एजेंसियों पर लगने वाली लंबी कतारों और भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए अपर जिलाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के प्रत्येक उपभोक्ता को घर पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। यदि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति लगातार जारी है। साथ ही उन्होंने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों के मामले में शासन द्वारा चिकित्सा संस्थानों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग को निर्देश दिए कि इंडियन ऑयल (IOCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) और भारत पेट्रोलियम (BPCL) के प्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित कर कुछ दिनों के लिए गैस सिलेंडर आपूर्ति करने वाले वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि लंबित मांग को शीघ्र पूरा कर स्थिति को सामान्य किया जा सके।जिलाधिकारी ने आम जनता से प्रशासन का सहयोग करने और धैर्य बनाए रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक को गैस वितरण से संबंधित कोई समस्या या सुझाव हो तो वह टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर अपनी शिकायत या सुझाव दर्ज करा सकता है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक टोल फ्री नंबर पर कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 4 शिकायतें 12 मार्च और 3 शिकायतें 13 मार्च को प्राप्त हुई थीं। इन सभी शिकायतों का निराकरण कर दिया गया है।जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों तथा पूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी न होने दी जाए। यदि कालाबाजारी की कोई भी शिकायत मिलती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष नवयल, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, जनपद के सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, पूर्ति विभाग के सप्लाई इंस्पेक्टर भुवन सनवाल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
