टनकपुर में ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में सीएम धामी ने सुनी जनसमस्याएं
टनकपुर: टनकपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर क्षेत्र की माताओं, वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों, पूर्णागिरि मेला समिति, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय नागरिकों से आत्मीय संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम हैं, जिससे स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा हो पाती है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की आवश्यकताओं, सुझावों तथा विभिन्न समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों, मांगों और सुझावों पर गंभीरता से कार्य किया जाए तथा उनका शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को समयबद्ध राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने टनकपुर अस्पताल के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह चिकित्सालय एक महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है, जहां टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। इस कारण सरकार यहां स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए विशेष प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उपलब्ध डायलिसिस सुविधा का विस्तार करते हुए अस्पताल में जल्द ही एक और डायलिसिस मशीन स्थापित की जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्र के समग्र विकास की चर्चा करते हुए कहा कि देशभर से माँ पूर्णागिरि के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने भविष्य की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि टनकपुर का बूम क्षेत्र आने वाले समय में पर्यटन और वॉटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही इस क्षेत्र को एक आकर्षक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प टनकपुर को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर, विकसित और सुविधायुक्त बनाना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख चम्पावत अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, जिला महामंत्री हिमेश कलखुड़िया, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय केदार सिंह बृजवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
