ऋषिकेश में गंगा स्वच्छता और सदस्यता अभियान को लेकर समिति की बैठक
ऋषिकेश: ऋषिकेश के मुनि की रेती क्षेत्र में श्री गंगा सेवा एवं पर्यावरण सुरक्षा समिति द्वारा गंगा स्वच्छता अभियान, सदस्यता विस्तार तथा समिति के आगामी वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के पदाधिकारियों और क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों ने भाग लेते हुए गंगा की स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान समिति के विस्तार के उद्देश्य से सदस्यता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने समिति की सदस्यता ग्रहण की। समिति के सचिव महंत रवि प्रपन्नाचार्य ने नवनियुक्त सदस्यों आचार्य नवीन जोशी, आचार्य सुशील नौटियाल, बुद्धि राम शर्मा तथा जगदीश उनियाल का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें समिति की गतिविधियों से जुड़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।समिति के अध्यक्ष दिनेश डबराल ने बताया कि समिति समय-समय पर गंगा स्वच्छता अभियान चलाती रही है और आगे भी इसे निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं बल्कि आस्था और संस्कृति की धरोहर है, इसलिए इसकी स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि समिति का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से गंगा स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि आम जनता भी गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सके। बैठक में समिति द्वारा मनोज मलासी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। बैठक का संचालन आचार्य राम कृष्ण पोखरियाल ने किया।इस अवसर पर अशोक क्रेजी, सतेन्द्र चौहान, धनीराम बिंजोला, सोनू ठाकुर सहित अन्य सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
