हरिद्वार रोड ग्रीन बिल्डिंग परियोजना की धीमी रफ्तार पर डीएम सविन बंसल सख्त
देहरादून : देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने हरिद्वार रोड पर निर्माणाधीन स्मार्ट सिटी की महत्वाकांक्षी ग्रीन बिल्डिंग परियोजना की धीमी प्रगति पर गहरी नाराजगी जताई है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने परियोजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कड़ी फटकार लगाई तथा जून माह तक हर हाल में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के समय डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब केवल बैठकों और फाइलों में प्रगति दिखाने का समय समाप्त हो चुका है। काम धरातल पर नजर आना चाहिए, तभी परियोजना का उद्देश्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत बनने वाली यह ग्रीन बिल्डिंग भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है, ऐसे में इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने निर्माण कार्य में लगी एजेंसियों को श्रमिकों की संख्या तत्काल बढ़ाने और आवश्यकता पड़ने पर डबल शिफ्ट में काम कराने के निर्देश दिए, ताकि समय सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय पर कार्य पूरा न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्य में तेजी के साथ-साथ निर्माण गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रीन बिल्डिंग परियोजना का उद्देश्य न केवल आधुनिक और ऊर्जा-संरक्षित भवन तैयार करना है, बल्कि यह स्मार्ट सिटी देहरादून की पहचान भी बनेगी। ऐसे में निर्माण मानकों, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यावरणीय नियमों का पूरी तरह पालन किया जाना अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्य की प्रगति से संबंधित विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब परियोजना की प्रगति की समीक्षा सीधे मौके पर की जाएगी, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। जिलाधिकारी सविन बंसल ने दो टूक कहा कि जनहित और शहर के विकास से जुड़ी परियोजनाओं में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। स्मार्ट सिटी की यह ग्रीन बिल्डिंग देहरादून के शहरी विकास में मील का पत्थर साबित होगी, बशर्ते इसे तय समय और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
