खबर शेयर करें -

रुद्रप्रयाग : जनपद रुद्रप्रयाग के पौराणिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक रुद्रनाथ महोत्सव 2026 को भव्य, रंगारंग और उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। नगर क्षेत्र में आयोजित सांस्कृतिक रैली को जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने हरी झंडी दिखाकर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूरा नगर लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक आस्था के रंगों में सराबोर नजर आया।महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर निकाली गई भव्य सांस्कृतिक रैली पेट्रोल पंप तिराहा से प्रारंभ होकर गुलाबराय मैदान तक पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, महिला मंगल दल, युवा मंगल दल, स्थानीय कलाकारों के साथ ही नगरवासी शामिल हुए। रैली के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक परंपराओं और धार्मिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली।

रैली में शामिल प्रतिभागी पारंपरिक उत्तराखंडी वेशभूषा में सजे-धजे नजर आए। ढोल-दमाऊ, रणसिंगा और मसकबीन जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों पर कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पूरे मार्ग में लोक संगीत की गूंज, रंग-बिरंगी झांकियां और उत्साहित दर्शकों की भीड़ ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया।

सांस्कृतिक रैली के दौरान प्रस्तुत झांकियों में भगवान शिव के रुद्र अवतार, रुद्रनाथ धाम की महिमा तथा जनपद रुद्रप्रयाग की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का सजीव चित्रण किया गया। ये झांकियां रैली का मुख्य आकर्षण रहीं, जिन्हें देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग उमड़े और तालियों के साथ उनका स्वागत किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि नगर पालिका रुद्रप्रयाग क्षेत्र अंतर्गत रुद्रनाथ महोत्सव 7 से 13 जनवरी 2026 तक गुलाबराय मैदान में आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव शीतकालीन महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोक संस्कृति, परंपराओं और कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान समय में शीतकालीन यात्रा के अंतर्गत बड़ी संख्या में पर्यटक जनपद रुद्रप्रयाग पहुंच रहे हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण भी पर्यटकों की आमद में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए रुद्रनाथ महोत्सव को शीतकालीन पर्यटन से जोड़कर आयोजित किया गया है, ताकि पर्यटन गतिविधियों को गति मिल सके और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हों।

उन्होंने कहा कि रुद्रनाथ महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, बल्कि यह जनपद के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आने वाले दिनों में महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक नृत्य, संगीत संध्या, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और अन्य आकर्षक आयोजन दर्शकों को उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति से रूबरू कराएंगे। रुद्रनाथ महोत्सव 2026 के भव्य शुभारंभ ने पूरे नगर को उत्साह और उल्लास से भर दिया है, वहीं स्थानीय लोगों और पर्यटकों में आगामी कार्यक्रमों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Ad