तपोवन में कैप्टन डीडी तिवारी मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता का दूसरा दिन उत्साहपूर्ण मुकाबलों से सजा

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश/तपोवन: एसडी मेमोरियल राजकीय इंटर कॉलेज, तपोवन में आयोजित कैप्टन डीडी तिवारी मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालिका एवं बालक वर्ग के अंडर-19 मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

बालिका वर्ग के पहले मुकाबले में एसबीएम और आर्मी स्कूल रायवाला की टीमें आमने-सामने रहीं। इस मुकाबले में एसबीएम की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आर्मी स्कूल रायवाला को सीधे सेटों में 25-19, 25-17 से पराजित कर विजयी शुरुआत की। दूसरे मैच में रेड फोर्ट और एनडीएस के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें रेड फोर्ट की टीम ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल दिखाते हुए एनडीएस को 25-18, 25-10 से हराया।तीसरा मुकाबला ओंकारानंद सरस्वती निलियम और भारती शिक्षा निकेतन के बीच खेला गया। इस मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अंततः भारती शिक्षा निकेतन ने 25-19, 25-24 से जीत दर्ज कर मुकाबला अपने नाम किया।चौथे मैच में भागीरथी पब्लिक स्कूल हरिद्वार और माम्स रायवाला की टीमें भिड़ीं, जिसमें भागीरथी पब्लिक स्कूल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 25-11, 25-19 से जीत हासिल की।

वहीं बालक वर्ग के मुकाबलों में भी रोमांच चरम पर रहा। पहला मैच भागीरथी पब्लिक स्कूल और एसबीएम पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें एसबीएम पब्लिक स्कूल ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।दूसरे मुकाबले में दून भवानी और ओंकारानंद सरस्वती निलियम की टीमें आमने-सामने रहीं, जहां दून भवानी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने पक्ष में किया।तीसरे मैच में चार्ल्स वेन एकेडमी और लिटिल स्टार स्कूल के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें चार्ल्स वेन एकेडमी ने जीत हासिल की।चौथा और अंतिम मुकाबला स्वामी दयानंद सरस्वती स्कूल और एसबीएम इंटर कॉलेज के बीच खेला गया, जिसमें स्वामी दयानंद सरस्वती स्कूल ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन सभी टीमों ने खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्र-छात्राओं में खेल प्रतिभा निखारने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा देती हैं। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह बना हुआ है।

Ad