भारतीय क्रिकेट को मिला नया चमत्कार, 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने बदले उम्मीदों के पैमाने
भारतीय क्रिकेट में समय-समय पर ऐसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी सामने आते रहे हैं, जिन्होंने अपनी असाधारण प्रतिभा से न सिर्फ चयनकर्ताओं बल्कि पूरे क्रिकेट जगत को हैरान किया है। मौजूदा दौर में इसी कड़ी का सबसे चमकता नाम है वैभव सूर्यवंशी। महज 14 साल की उम्र में बाएं हाथ का यह बल्लेबाज जिस बेखौफ अंदाज और परिपक्वता के साथ बल्लेबाजी कर रहा है, उसने भविष्य के भारतीय क्रिकेट की झलक दिखा दी है।वैभव की तूफानी बल्लेबाजी ने दिग्गजों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है। भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने वैभव के प्रदर्शन पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए पिछले 30 दिनों में उनके रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन का उल्लेख किया। अश्विन ने लिखा कि इतनी कम उम्र में इस स्तर की निरंतरता और आक्रामकता शब्दों से परे है।
अश्विन ने अपने पोस्ट में वैभव के हालिया स्कोर गिनाते हुए लिखा 171 रन 95 गेंद, 50 रन ,26 गेंद, 190 रन 84 गेंद, 68 रन 24 गेंद, 108 रन 61 गेंद, 46 रन ,25 गेंदऔर अब 127 रन ,74 गेंद, उन्होंने आगे लिखा, “भाई ये क्या है? इतना काफी है या अभी अपने स्तर को और ऊपर ले जाओगे? शब्दों में नहीं बताया जा सकता कि यह बच्चा 14 की उम्र में क्या कर रहा है।”यह प्रतिक्रिया सिर्फ प्रशंसा नहीं, बल्कि उस प्रदर्शन का आईना है जिसने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है।
दरअसल, अश्विन का यह पोस्ट वैभव की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई विस्फोटक पारी के बाद आया। बुधवार को खेले गए मुकाबले में वैभव ने 74 गेंदों में 127 रन ठोक दिए, जिसमें 10 छक्के और 9 चौके शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत भारत अंडर-19 टीम ने 393/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया और मुकाबला 233 रन से जीतकर सीरीज 3-0 से अपने नाम की। यह सीरीज बतौर कप्तान वैभव की पहली सीरीज थी और उन्होंने इसे पूरी तरह यादगार बना दिया।अब निगाहें आने वाले अंडर-19 विश्व कप पर टिकी हैं, जहां वैभव को टूर्नामेंट का संभावित शोस्टॉपर माना जा रहा है। अश्विन ने भी इस ओर इशारा करते हुए लिखा कि अगले चार महीने वैभव के लिए बेहद अहम होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप के बाद आईपीएल का मंच होगा, जहां वैभव को खुद को साबित करने का बड़ा मौका मिलेगा।

अश्विन ने आगे लिखा, “इसके तुरंत बाद आईपीएल होगा, जहां वह संजू की जगह को भरने का प्रयास करेंगे। अगले चार महीने वाले होंगे और बेहद रोमांचक होंगे। यह उनके स्वभाव, रनों की भूख और चरित्र की असली परीक्षा लेंगे।”गौरतलब है कि आईपीएल 2025 में वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 35 गेंदों में शतक लगाकर सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और अब दक्षिण अफ्रीका की धरती पर भी उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का जलवा कायम रहा। घरेलू क्रिकेट में भी वैभव ने विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कई धमाकेदार पारियां खेलीं। इसके अलावा राइजिंग स्टार्स एशिया कप और अंडर-19 एशिया कप में भी उनका बल्ला जमकर बोला।
फिलहाल वैभव सूर्यवंशी सिर्फ रन नहीं बना रहे, बल्कि अपनी उम्र से कहीं आगे का क्रिकेट खेल रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास, तकनीक और आक्रामकता का जो मेल दिखता है, वह उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है। क्रिकेट विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर वैभव इसी तरह निरंतरता बनाए रखते हैं, तो आने वाले वर्षों में वह भारतीय क्रिकेट का बड़ा चेहरा बन सकते हैं। कुल मिलाकर, वैभव सूर्यवंशी का उभार इस बात का संकेत है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित और बेहद रोमांचक हाथों में है। देश को अब उस दिन का इंतजार है, जब यह 14 साल का सितारा अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराते हुए नजर आए।
