मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में स्वर्गीय अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी एवं माता सोनी देवी ने भेंट की। यह मुलाकात अत्यंत भावुक माहौल में हुई, जहां पीड़ित परिजनों ने अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े अपने मंतव्य, पीड़ा और भावनाएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ित परिवार की बातों को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और धैर्य के साथ सुना। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस प्रकरण में न्याय सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार की पीड़ा को भली-भांति समझती है और उनकी भावनाओं का पूर्ण सम्मान करती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ रही है, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार कठोरतम सजा दिलाई जा सके। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश की किसी भी बेटी के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग प्रदान करने तथा उनकी मांगों पर सकारात्मक और संवेदनशील कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार न केवल न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग करेगी, बल्कि पीड़ित परिवार को सामाजिक, प्रशासनिक और मानवीय स्तर पर भी हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोहराया कि यह मामला केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज की संवेदनाओं से जुड़ा हुआ है। सरकार की जिम्मेदारी है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और समाज में कानून के प्रति विश्वास मजबूत हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में पूरी दृढ़ता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और आगे भी करती रहेगी।
