इलेक्ट्रिक वाहन के उपयोग से डॉ. अग्रवाल ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
ऋषिकेश : देश में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा डीजल-पेट्रोल पर निर्भरता कम करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को आत्मसात करते हुए ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विभिन्न कार्यक्रमों में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
डॉ. अग्रवाल अपने निजी आवास से इलेक्ट्रिक वाहन के माध्यम से रायवाला, श्यामपुर, लालपानी (खांड गांव), आईडीपीएल तथा ऋषिकेश बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए स्वच्छ ऊर्जा के महत्व पर भी प्रकाश डाला और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव अब समाज में भी दिखाई देने लगा है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग समय की आवश्यकता बन चुका है। इससे न केवल वायु प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि ईंधन की खपत कम होने से आर्थिक बचत भी होगी। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण देने के लिए सभी को स्वच्छ ऊर्जा के विकल्प अपनाने होंगे।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटे-छोटे प्रयास करे तो बड़ा परिवर्तन संभव है। इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद लोगों ने भी डॉ. अग्रवाल की इस पहल की सराहना की और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक कदम बताया।
