हाइब्रिड धान बीजों से किसानों की आय में 39 प्रतिशत वृद्धि, सहसपुर और विकासनगर में 70 हेक्टेयर क्षेत्र में हुई आधुनिक धान खेती

खबर शेयर करें -

देहरादून। देहरादून जनपद के सहसपुर और विकासनगर ब्लॉक में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। कृषि विभाग की पहल पर किसानों ने परंपरागत खेती छोड़कर हाइब्रिड धान बीजों का प्रयोग शुरू किया, जिससे उत्पादन और आय दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

वर्ष 2025-26 में कृषि विभाग ने योजना के तहत 20 ग्राम पंचायतों के 70 किसानों को 28 कुंतल हाइब्रिड धान बीज वितरित किए। इसके माध्यम से 70 हेक्टेयर कृषि भूमि पर हाइब्रिड धान की खेती शुरू की गई। परिणामस्वरूप किसानों की धान उपज 45 कुंतल प्रति हेक्टेयर से बढ़कर 62 कुंतल प्रति हेक्टेयर तक पहुंच गई।

उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आय में भी बड़ा इजाफा हुआ है। पहले जहां किसानों की औसत आय लगभग 81 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर थी, वहीं अब यह बढ़कर करीब 1.13 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर हो गई है। इस प्रकार किसानों की आय में लगभग 32 हजार रुपये यानी करीब 39 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

कृषि विभाग के अनुसार कम क्षेत्र में अधिक उत्पादन मिलने से किसानों का उत्साह बढ़ा है और अन्य किसान भी हाइब्रिड धान बीज अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। योजना ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।मुख्य कृषि अधिकारी देवेन्द्र राणा ने बताया कि सकारात्मक परिणामों को देखते हुए खरीफ 2025 में हाइब्रिड धान उत्पादन क्षेत्र को बढ़ाकर 186 हेक्टेयर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है।

उन्होंने बताया कि हाइब्रिड अथवा संकर बीज दो अलग-अलग किस्मों के पौधों के नियंत्रित परागण से तैयार किए जाते हैं। ये बीज सामान्य बीजों की तुलना में अधिक उत्पादन देने के साथ-साथ रोग और कीटों के प्रति अधिक प्रतिरोधी होते हैं। कम पानी और अनियमित वर्षा की स्थिति में भी ये बेहतर उपज देने में सक्षम हैं।

क्या होते हैं हाइब्रिड बीजहाइब्रिड अथवा संकर बीज

दो अलग-अलग किस्मों के पौधों के नियंत्रित परागण से विकसित किए जाते हैं। इन बीजों की विशेषता यह होती है कि ये सामान्य बीजों की तुलना में अधिक उत्पादन देते हैं और कीट व रोगों के प्रति अधिक प्रतिरोधी होते हैं। इसके अलावा कम पानी और अनियमित वर्षा जैसी परिस्थितियों में भी ये बेहतर उपज देने में सक्षम माने जाते हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार हाइब्रिड बीज किसानों की लागत कम करने और आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

Ad