चारधाम यात्रा मार्ग पर दवा दुकानों पर सख्ती, 5 दवाओं के नमूने जांच को भेजे
टिहरी गढ़वाल। चारधाम यात्रा मार्ग पर यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने औषधि प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर चम्बा क्षेत्र में संचालित विभिन्न मेडिकल स्टोरों और औषधि प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख, भंडारण व्यवस्था, सीसीटीवी सिस्टम और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच में कुछ प्रतिष्ठानों में निर्धारित मानकों और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद संबंधित फर्मों को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार और अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि एक औषधि प्रतिष्ठान में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसके लाइसेंस को निलंबित किए जाने की संस्तुति भी की गई है। इसके अलावा निरीक्षण अभियान के दौरान पांच औषधियों के नमूने परीक्षण और विश्लेषण के लिए संग्रहित किए गए हैं।
औषधि निरीक्षण टीम ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टीम ने कहा कि यात्रा मार्ग पर संचालित मेडिकल स्टोरों की नियमित निगरानी और औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि आमजन और यात्रियों को मानक गुणवत्ता की दवाएं उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी. नेगी और औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
