बापूग्राम वन भूमि प्रकरण जल्द कैबिनेट में लाने की मांग, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर बापूग्राम वन भूमि प्रकरण को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से विस्तार से चर्चा की।

डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि बापूग्राम क्षेत्र के निवासी लंबे समय से वन भूमि से जुड़े मामले के कारण परेशानियों का सामना कर रहे हैं। इस वजह से क्षेत्र में असमंजस और चिंता का माहौल बना हुआ है। उन्होंने जनहित को देखते हुए इस प्रकरण को शीघ्र कैबिनेट में लाने का आग्रह किया, ताकि प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।

मुलाकात के दौरान डॉ. अग्रवाल ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में सड़क, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार से मिल रहे सहयोग को आगे भी जारी रखने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बापूग्राम वन भूमि प्रकरण को गंभीर विषय बताते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश के विकास और क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

डॉ. अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि सरकार के सकारात्मक सहयोग से बापूग्राम समेत पूरे ऋषिकेश क्षेत्र की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होगा।

Ad