विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बीएलओ, सुपरवाइजर एवं वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण सम्पन्न

खबर शेयर करें -

टिहरी गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को तहसील जाखणीधार में बीएलओ, सुपरवाइजर एवं वॉलंटियर्स के लिए द्वितीय चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण एवं परीक्षा कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक किया गया, जिसमें कुल 63 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों की परीक्षा आयोजित की गई, जिसके प्रश्न-पत्रों का मूल्यांकन कर परिणाम निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दिए गए। इसके बाद प्रतिभागियों को आवश्यक निर्वाचन सामग्री का वितरण भी किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की पूरी प्रक्रिया, प्रपत्रों के सही संधारण, घर-घर सत्यापन, मतदाता विवरण संकलन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य संपादन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

अधिकारियों द्वारा सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं वॉलंटियर्स को निर्देशित किया गया कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े सभी कार्य गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सम्पन्न करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं प्रभावी बनाया जा सके।प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जनपद स्तरीय मास्टर ट्रेनर (DLMT) दीपक रतूड़ी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर एएलएमटी नोडल आईटी प्रशिक्षण जयदीप कुमांई, नोडल सामग्री वितरण नायब तहसीलदार धर्मवीर शाह तथा खण्ड विकास अधिकारी जाखणीधार रोशन लाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Ad