चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी के निर्देश
देहरादून। चारधाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन के चरम पर पहुंचने के बीच जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने यात्रा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को मुख्यमंत्री के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने प्रमुख यात्रा पड़ावों पर उप जिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारी (सीओ) द्वारा संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही पंजीकरण केंद्रों एवं होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने नगर निगम, एमडीडीए, स्मार्ट सिटी, एफएम रेडियो और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं तक समय पर सही जानकारी पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है।
यात्रा मार्गों पर यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रात्रि 10 बजे के बाद केवल आवश्यक वस्तुओं से जुड़े वाहनों का ही संचालन किया जाए। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल, दवाइयों की उपलब्धता, शौचालयों की नियमित सफाई तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में खाद्य पदार्थों में मिलावट, ओवररेटिंग, बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइटों की कार्यशीलता और स्वास्थ्य सेवाओं की सतत मॉनिटरिंग पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को इन व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही यात्रा मार्गों पर प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, पंजीकरण केंद्रों पर भीड़ नियंत्रण, वाहन फिटनेस और आरटीओ चेकिंग व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने फेक और भ्रामक वीडियो प्रसारित कर भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा से जुड़ी गलत सूचनाएं श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, एडीएम प्रशासन स्मृता परमार, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपूर्वा ढौडियाल, सीएमओ डॉ. एमके शर्मा सहित चारधाम यात्रा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
