ऋषिकेश: चुने जनप्रतिनिधियों को आईना दिखा निजी संसाधनों से करवाया अवरुद्ध मार्ग का समाधान
ऋषिकेश। पुराने रेलवे स्टेशन एवं ग्रीफ कार्यालय के बाहर पिछले कई वर्षों से अवरुद्ध मार्ग की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को आखिरकार राहत मिल गई। जहां शासन-प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि इस समस्या का समाधान करने में असफल रहे, वहीं नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता ललित मोहन मिश्र ने अपने निजी संसाधनों से मार्ग को सुचारु कराने का कार्य कराया।
कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला ने बताया कि पुराने रेलवे स्टेशन और ग्रीफ कार्यालय के बाहर सड़क का एक हिस्सा काफी संकरा होने के कारण स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति इतनी गंभीर थी कि एम्बुलेंस, स्कूल बसों और अन्य आपातकालीन वाहनों को भी आवाजाही में भारी दिक्कत होती थी। कई बार इस संबंध में शासन-प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन किसी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की इस गंभीर समस्या को देखते हुए कांग्रेस नेता एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने स्वयं आगे बढ़कर अपने निजी संसाधनों से मार्ग को सुचारु कराने का कार्य कराया, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि ललित मोहन मिश्र ने शहर के बीचोंबीच स्थित इस बड़ी समस्या का समाधान कर जनता के साथ-साथ प्रशासन को भी राहत पहुंचाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ लोग इस कार्य का झूठा श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि सत्ता पक्ष वर्षों तक इस समस्या का समाधान नहीं कर पाया।
राकेश सिंह ने कहा कि यदि कोई सामान्य व्यक्ति जनता की समस्या को समझते हुए अपने संसाधनों से उसका समाधान करता है, तो उसे सम्मानित किया जाना चाहिए, न कि उसके कार्य का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जानी चाहिए।वहीं ललित मोहन मिश्र ने कहा कि कई बार उन्होंने स्वयं देखा कि इस मार्ग से गुजरने वाले स्कूली वाहन, एम्बुलेंस और अन्य बड़े वाहन जाम और अव्यवस्था के कारण परेशान होते थे। इसी को देखते हुए उन्होंने अपने स्तर से समस्या के समाधान का निर्णय लिया, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
इस दौरान मौके पर हिमांशु जाटव, हिमांशु कश्यप, तरूण त्यागी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
