घास काट रही महिला पर गुलदार का हमला, बहन ने बहादुरी दिखाकर बचाई जान
नैनीताल / रामनगर : मालधनचौड़ क्षेत्र के एक गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब जंगल के पास घास काट रही एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में घायल महिला की जान उसकी बहन की सूझबूझ और बहादुरी से बच सकी।
जानकारी के अनुसार, मालधनचौड़ गांव निवासी पिंकी देवी अपनी बहन सोनिया के साथ घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक पिंकी देवी पर हमला कर दिया। हमले के दौरान पिंकी ने अपनी बहन सोनिया को वहां से भाग जाने के लिए कहा, लेकिन सोनिया ने हिम्मत नहीं हारी।
बताया जा रहा है कि सोनिया ने शोर मचाते हुए साहस के साथ गुलदार का सामना किया और उसे भगाने में सफल रही। इसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे गुलदार जंगल की ओर भाग गया।
हमले में पिंकी देवी घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।
