टिफिन पहुंचाने वाली मीनाक्षी बनीं डिप्टी कलेक्टर, UKPSC PCS-2024 में हासिल की 5वीं रैंक

खबर शेयर करें -

ऋषिकेश: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की पीसीएस परीक्षा-2024 में ऋषिकेश की मीनाक्षी भाटिया ने शानदार सफलता हासिल करते हुए सामान्य वर्ग में 5वीं रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन डिप्टी कलेक्टर पद के लिए हुआ है। मीनाक्षी की सफलता ने पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बना दिया है।

मीनाक्षी की सफलता संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प की प्रेरणादायक कहानी है। वर्ष 2003 में पिता के निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। ऐसे कठिन समय में उनकी मां नीलम भाटिया ने टिफिन सर्विस शुरू कर परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं। मीनाक्षी भी अपनी मां के साथ घरों और सरकारी कार्यालयों में टिफिन पहुंचाने का काम करती थीं।

मीनाक्षी ने बताया कि टिफिन पहुंचाने के दौरान वह अक्सर सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का समाधान करते देखती थीं। यहीं से उनके मन में प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना जन्मा। उन्होंने उसी लक्ष्य को अपनी मंजिल बनाया और लगातार मेहनत के साथ तैयारी शुरू कर दी।

मीडिया से बातचीत में मीनाक्षी ने भावुक होकर कहा कि जिस तहसील में वह कभी टिफिन देने जाया करती थीं, आज उसी व्यवस्था का हिस्सा बनकर अधिकारी बनने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं है।

प्रतिदिन लगभग 10 घंटे की पढ़ाई, अनुशासित दिनचर्या और निरंतर प्रयासों के बल पर मीनाक्षी ने यह मुकाम हासिल किया। वह शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट रही हैं और 10वीं व 12वीं कक्षा में ऋषिकेश सिटी टॉपर भी रह चुकी हैं।

मीनाक्षी ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां, बहन और बहनोई को दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन भी एक अधिकारी हैं और उन्हीं से प्रेरित होकर उन्होंने पीसीएस परीक्षा की तैयारी की। मीनाक्षी का कहना है कि प्रशासनिक सेवा में रहते हुए वह समाज के हर वर्ग की मदद करना चाहती हैं, विशेष रूप से उन लोगों की जो आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

मीनाक्षी भाटिया की यह सफलता उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।

Ad