टिहरी: नंदगांव स्वास्थ्य केंद्र का एडीएम ने किया निरीक्षण, गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी के निर्देश
टिहरी। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगांव का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, दवाइयों के स्टॉक तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद आर्य ने एडीएम को उपस्थित एवं अनुपस्थित कार्मिकों की जानकारी दी। वरिष्ठ फार्मासिस्ट दिनेश ने दवाइयों का स्टॉक रजिस्टर से मिलान कर दिखाया। एडीएम ने अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों से भी बातचीत की। मरीजों ने अस्पताल में निःशुल्क दवाइयां एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए जाने पर संतोष जताया।

निरीक्षण के दौरान दवा भंडार कक्ष में भवन की लीकेज समस्या सामने आई, जिस पर एडीएम ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय को आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।महिला एवं पुरुष वार्ड के निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीज रोशना देवी एवं राकेश कुमार से भी स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली गई। मरीजों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चल रहे सर्वेक्षण की समीक्षा में क्षेत्र में 71 टीबी संक्रमित मरीज चिन्हित होने की जानकारी दी गई, जिनमें 45 महिलाएं और 26 पुरुष शामिल हैं। वहीं एएनएम द्वारा बताया गया कि क्षेत्र के चार गांवों में वर्तमान में तीन गर्भवती महिलाएं एवं पांच धात्री माताएं चिन्हित हैं।
अपर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित संस्थागत प्रसव की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय अंथवाल, फार्मासिस्ट जयवीर सिंह, एएनएम किरण डबराल, नर्सिंग ऑफिसर तरणजीत कौर एवं गीता भंडारी, सेविका शोभा, एएनएम सरिका रावत तथा सफाई नायक प्रवीण रॉय उपस्थित रहे।
