सुल्याधार में खूंखार भालू का हमला, तीन लोग घायल
टिहरी गढ़वाल : चंबा-धरासू मोटर मार्ग पर सुल्याधार के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक खूंखार भालू ने अचानक तीन लोगों पर हमला कर दिया। इस हमले में ग्राम प्रधान युद्धवीर सिंह रावत, फारेस्टर अजयपाल पंवार और विनोद सिंह रावत गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, तीनों लोग किसी कार्य से क्षेत्र में मौजूद थे, तभी घने जंगल की ओर से निकले भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। भालू के हमले से तीनों बुरी तरह जख्मी हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर भालू को भगाया और घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उन्हें गहरी चोटें आई हैं। वन विभाग ने क्षेत्र में अलर्ट जारी करते हुए लोगों से जंगल और सुनसान इलाकों में अकेले न जाने की अपील की है। साथ ही, भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए टीम तैनात कर दी गई है।
स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों के खतरे से निजात दिलाने की मांग की है।
